Dehradun News: बस ड्राइवर से मारपीट, लैंसडाउन चौक पर लगा जाम; हिरासत में दो लोग

Spread the love

देहरादून: राजधानी देहरादून के लैंसडाउन चौक पर गुरुवार दोपहर एक निजी शिक्षण संस्थान के बस ड्राइवर के साथ स्थानीय दुकानदारों द्वारा मारपीट किए जाने का मामला सामने आया। घटना के बाद गुस्साए छात्रों व अन्य ड्राइवरों ने बस को बीच सड़क पर खड़ा कर जाम लगा दिया, जिससे घंटों यातायात बाधित रहा।

कोतवाली पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, कंट्रोल रूम के माध्यम से दोपहर में मारपीट की सूचना मिली थी। पुलिस बल तत्काल मौके पर पहुंचा। जांच में पता चला कि गौरव लोधी नामक बस ड्राइवर का लैंसडाउन चौक पर किसी बात को लेकर स्थानीय दुकानदारों से विवाद हो गया था। विवाद बढ़ने पर दुकानदारों ने लाठी-डंडों से ड्राइवर के साथ मारपीट कर दी।

पुलिस ने घायल ड्राइवर को तत्काल उपचार हेतु कोरोनेशन अस्पताल भिजवाया। पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।

सीओ सीटी मुयाल ने बताया कि घटनास्थल व आस-पास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने के बाद घटना में शामिल दो आरोपियों को हिरासत में ले लिया गया है। अन्य आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।

घटना के बाद मौके पर लगे जाम को पुलिस ने मशक्कत के बाद खुलवाया। फिलहाल स्थिति सामान्य है। पुलिस मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई कर रही है।


Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *