अयातुल्लाह हकीम इलाही अदा कराएंगे जुमा की नमाज, आलमी शोहरत वाले जाकिरीन करेंगे शिरकत, देखें पोस्टर
बिजनौर। दरगाह ए आलिया नजफ-ए-हिंद जोगीरम्पुरी में चार रोजा सालाना मजलिस का आयोजन 21 मई से 24 मई तक किया जाएगा। दरगाह कमेटी व शिया वक्फ बोर्ड ने मजलिस की तैयारियां तेज कर दी हैं। इस संबंध में कॉर्डिनेटर मौलाना शफ़्फ़ाक़ मिर्जा मजलिसों ने मजलिस को खिताब करने वाले मौलाना की लिस्ट जारी कर दी है।
बता दें कि मौलाना कल्बे जव्वाद साहब की ज़ेरे सरपरस्ती में शिया वफ्फ बोर्ड अध्यक्ष अली जैदी और कॉर्डिनेटर मौलाना शफ़्फ़ाक़ मिर्जा, दरगाह प्रशासक मौलाना शबाब नक़वी अपनी टीम के साथ सालाना मजलिस करवा रहे हैं। इस बार सालाना मजलिसो में दरगाह में जुमा की नमाज़ अयातुल्लाह अब्दुल मजीद हकीम इलाही अदा कराएंगे। वहीं देश-दुनिया के कई बड़े उलेमा मजलिस को खिताब करेंगे और अमन व भाईचारे का पैग़ाम देंगे। आलमी शोहरत वाले जाकिरीन और खुतबा हजरात भी शिरकत करेंगे।
शिया वक्फ बोर्ड चेयरमैन ने दी जानकारी
शिया वक्फ बोर्ड के चेयरमैन अली जैदी ने बताया कि दरगाह में चार दिन में लाखों जायरीन पहुंचते हैं। उन्होंने कहा, “दरगाह की सालाना आमदनी पहले 27-28 लाख थी, लेखा-जोखा के बाद अब सीधे 1.28 करोड़ की बैलेंस शीट फाइल कराई गई है। हम जायरीनों के लिए बेहतर से बेहतर इंतजामात की कोशिश करते हैं।”
उन्होंने जायरीनों से अपील की कि दरगाह को जियारतगाह व इबादतगाह समझकर साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखें। “यहां जो भी इन्फ्रास्ट्रक्चर है, उसे मेहमान की तरह इस्तेमाल करें ताकि आपके बाद आने वाले जायरीनों को भी सुविधा मिल सके।”
समीक्षा बैठक व नई व्यवस्थाएं
हाल ही में मौलाना शबाब नक़वी के संचालन में समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में जायरीनों के ठहरने व जियारत के दौरान जरूरी सामान उपलब्ध कराने की व्यवस्थाओं पर चर्चा हुई।
- टेंट रेट तय: बड़े टेंट की कीमत 1700 रुपये निर्धारित की गई है।
- मेधावियों का सम्मान: इस बार यूपी बोर्ड के दसवीं व बारहवीं के टॉप 10 बच्चों को अवार्ड देकर हौसला अफजाई की जाएगी।
बैठक में प्रशासक मौलाना शबाब हुसैन नकवी ने सभी सहयोगियों को जिम्मेदारियां सौंपते हुए निर्देश दिए कि प्रत्येक व्यक्ति अपने कार्य को पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ निभाए। इस दौरान दरगाह प्रबंधक हुसैन मेहंदी नकवी, चौधरी मोमिन रजा, शब्बन प्रधान, शावेज, मोहम्मद मियां,नियाज हुसैन, अब्बास नकवी, सईद नकवी सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।