उत्तराखंड में वन्य जीवो का आतंक, यहां भालू के हमले में एक की मौत

Spread the love

लालकुआं क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों से सटे जंगलों में हिंसक जंगली जानवरों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। आए दिन हो रहे हमलों से ग्रामीणों में डर का माहौल है। ताजा मामला किशनपुर रेंज के अंतर्गत रैखाल खत्ता का है, जहां भालू के हमले में एक पशुपालक की दर्दनाक मौत हो गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार रैखाल खत्ता निवासी मोहम्मद आरिफ (45 वर्ष), पुत्र मोहम्मद ताहिर, बीती रात अपने दुधारू पशुओं को देखने के लिए घर के पास स्थित जंगल में गए थे। इसी दौरान अचानक एक भालू ने उन पर हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि भालू ने उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया और तब तक नहीं छोड़ा जब तक उनकी मौत नहीं हो गई।

घटना के दौरान आरिफ द्वारा मचाए गए शोर को सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। ग्रामीणों को आता देख भालू जंगल की ओर भाग गया।

घटना की सूचना तुरंत किशनपुर रेंज के वन विभाग को दी गई। सूचना मिलते ही तराई पूर्वी वन प्रभाग के प्रभागीय वनाधिकारी हिमांशु बंगड़ी और एसडीओ अनिल कुमार जोशी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। अधिकारियों ने मृतक के परिजनों को सांत्वना दी और आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।

, सूचना पर चोरगलिया पुलिस भी मौके पर पहुंची और पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए हल्द्वानी भेज दिया।

मृतक अपने पीछे पत्नी और तीन पुत्रों को छोड़ गए हैं। इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में भय का माहौल है। ग्रामीणों ने वन विभाग से इलाके में गश्त बढ़ाने और जंगली जानवरों से सुरक्षा के ठोस इंतजाम करने की मांग की है।


Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *