महेंद्र भट्ट ने कांग्रेस नेताओं पर साधा निशाना, करन माहरा की चिंता पर जताई चिंता
Uttarakhand News: खबरनामा ऑनालइन/देहरादून। भाजपा ने चार धाम यात्रा को लेकर कांग्रेसी बयानबाजियों को यात्रा प्रभावित करने का षड्यंत्र बताया है। प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने स्पष्ट किया कि प्रत्येक यात्री की सुरक्षा और व्यवस्था की पूरी जिम्मेदारी सरकार सुनिश्चित करेगी। वहीं हरदा के बयान को जनता की समझदारी पर आक्षेप बताते हुए दावा किया कि बीजेपी के सत्य को स्वीकार करते हुए जनता, लगातार तीसरी बार हमे जिताने जा रही है।
पार्टी मुख्यालय में मीडिया से बातचीत में उन्होंने माहरा समेत तमाम कांग्रेस नेताओं द्वारा चार धाम यात्रियों की संख्या और उसके चलते दुर्घटना की बेवजह आशंका फैलाने वाले बयानों की कड़े शब्दों में निंदा की है। उन्होंने पलटवार किया, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष इस बात से चिंतित है कि क्यों इतनी बड़ी संख्या में पंजीकरण हो रहे हैं। क्योंकि पूर्ववृति यात्रा सीजन की भांति इस बार भी यात्रा ने नया रिकॉर्ड बनाया तो उनकी नकारात्मक राजनीति पूरी तरह परास्त हो जाएगी।
यह भी पढ़ेंः http://देहरादून में 30 अप्रैल को कांग्रेस की विशाल संविधान बचाओ रैली, बनी ये रणनीति
यही वजह है कि यात्रा को प्रभावित करने का षड्यंत्र अभी से शुरू हो गया है। पिछली बार भी व्यवस्था और भीड़ को लेकर तरह तरह से भ्रम और अफवाह फैलाकर यात्रा प्रभावित करने की साजिश की गई। लेकिन प्रदेश की जनता की सहभागिता से सरकार ने ऐसे प्रयासों को असफल किया था। कांग्रेस के इन मिथ्या विषयों और तौर तरीकों से देश के लोग भी अच्छी तरह वाकिफ हो गए हैं।उन्होंने यात्रियों की रिकॉर्डतोड़ आने का दावा करते हुए विश्वास दिलाया कि हर यात्री की सुरक्षा और व्यवस्था की जिम्मेदारी सरकार सुनिश्चित करेगी।
यह भी पढ़ेंः UPSC Exam Result: शिल्पा चौहान ने पहले प्रयास में रचा इतिहास, बनी जौनसार बावर की पहली महिला IAS, दें बधाई
वहीं उन्होंने झूठ के आधार पर भाजपा द्वारा चुनाव जीतने के आरोपों पर पटवार करते हुए कहा कि यह जनता के निर्णय लेने की क्षमता पर प्रश्न उठाने जैसा है। जबकि देवभूमि जनता बहुत बुद्धिमान है वह अच्छे से जानती है क्या सच है और क्या झूठ है। हम अपने काम के आधार पर जो सत्य लेकर नीचे जाते हैं उसे जनता स्वीकार करती है। और इसी सत्य के आधार पर ही जनता भाजपा को लगाते तीसरी बार 2027 में आशीर्वाद देने जा रही है।
माहरा द्वारा यूसीसी में लिविंग संबंधों के प्रावधानों पर दिए बयान पर तंज कसते हुए कहा कि लगता है वे कांग्रेस नेताओं और उनके अपनों की चिंता में ज़बाब भाजपा से पूछ रहे हैं। जहां तक कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष के आरोपों की बात है तो भारतीय जनता पार्टी न्यायालय का सम्मान करती है और हमारी पार्टी के अंदर न ऐसे संस्कार है ना भाजपा के किसी कार्यकर्ता के अंदर। जबकि सच यह है कि चिंता तो कांग्रेस को अपनी करनी चाहिए। क्योंकि हो सकता है अपनी पार्टी में या उनके आसपास वे इस तरह का माहौल देख रहे होंगे तभी अपनी चिंता को वे भाजपा के माध्यम से प्रकट कर रहे हैं।
वहीं संगठन को लेकर उन्होंने स्पष्ट किया कि शीघ्र ही केंद्र द्वारा चुनाव की तिथि तय कर नए प्रदेश अध्यक्ष का चुनाव कर लिया जायेगा। मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर भी कहा, समय आने पर केंद्रीय नेतृत्व की सहमति से मुख्यमंत्री उचित निर्णय लेंगे। यात्रा में सहयोग को लेकर सभी कार्यकर्ताओं को निर्देशित किया गया है कि अपने आस पास जाम, आपदा आदि की स्थिति में फंसे यात्रियों की यथासंभव मदद की तैयारी रखी जाए।
इससे पूर्व पार्टी मुख्यालय में केंद्रीय गृह मंत्री के दौरे को लेकर प्रदेश अध्यक्ष ने महत्वपूर्ण बैठक ली। जिसमें कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, प्रदेश महामंत्री संगठन मंत्री अजेय कुमार, प्रदेश महामंत्री आदित्य कोठारी, पूर्व मंत्री प्रेम चंद अग्रवाल, विधायक विनोद चमोली, मुन्ना सिंह चौहान, उमेश शर्मा काऊ, सविता कपूर, बृजभूषण गैरोला, महापौर सौरभ थपलियाल, प्रदेश मंत्री आदित्य चौहान, महानगर अध्यक्ष सिद्धार्थ अग्रवाल शामिल हुए। बैठक के बाद प्रदेश अध्यक्ष ने जानकारी दी कि गृह मंत्री का 26 अप्रैल का दौरा फिलहाल स्थगित ही गया है।