लोअर पीसीएस परीक्षा की तैयारियों में जुटा आयोग, डिक्टेशन राइटर सहित जारी किया ये अपडेट
देहरादून: उत्तराखंड लोक सेवा आयोग प्रदेश में लोअर पीसीएस परीक्षा Uttarakhand Lower PCS Exam को लेकर तैयारी में जुट गया है. इस दौरान दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए श्रुतलेखक (डिक्टेशन राइटर) सहित कई नई जानकारी अपडेट की गई है. उत्तराखंड सम्मिलित राज्य सिविल/अवर अधीनस्थ सेवा प्रारंभिक परीक्षा 2024 के लिए 11 मई को प्रारंभिक परीक्षा का आयोजन किया जाना है. जिसके लिए आयोग तैयारी को पूरा करने में लगा हुआ है.
उत्तराखंड में लोअर पीसीएस परीक्षा के लिए उत्तराखंड लोक सेवा आयोग ने नई जानकारी साझा की है. इसके तहत इस परीक्षा के लिए आवेदन करने वाले अभ्यर्थी 25 अप्रैल 2025 से आयोग की वेबसाइट pcs.uk.gov.in/ukpsc.net.in से अपना प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकते हैं. इस परीक्षा के लिए 11 मई 2025 को प्रारंभिक परीक्षा तय की गई है. जिसके लिए प्रदेश के सभी 13 जिलों में विभिन्न केंद्र पर अभ्यर्थी परीक्षा दे सकेंगे.
ये प्रमाण पत्र देने होंगे:
उत्तराखंड लोक सेवा आयोग ने दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए श्रुतलेखक को लेकर भी नया अपडेट दिया है. इसमें दिव्यांग अभ्यर्थी को 25 अप्रैल 2025 तक श्रुतलेखक से जुड़ी जानकारी आयोग के कार्यालय में उपलब्ध करानी होगी. दी गई शर्तों के अनुसार, आवेदन पत्र में स्वयं श्रुतलेखक लाने का दावा करने वाले अभ्यर्थियों को श्रुतलेखक की शैक्षिक योग्यता और तमाम प्रमाण पत्रों के अलावा उसकी दो फोटो ईमेल के माध्यम से आयोग को उपलब्ध करानी है.
इस परीक्षा के लिए लोक सेवा आयोग ने परीक्षा कार्यक्रम की पूर्व में ही घोषणा कर दी थी. लोअर पीसीएस चयन प्रक्रिया में फिलहाल प्रारंभिक परीक्षा आहूत की जानी है. इसके बाद मुख्य परीक्षा होगी. जबकि इन दोनों परीक्षाओं के बाद सूची में स्थान बनाने वाले अभ्यर्थियों का साक्षात्कार (इंटरव्यू) किया जाएगा. प्रारंभिक परीक्षा में वस्तुनिष्ठ (ऑब्जेक्टिव) प्रकार की परीक्षा शामिल है. जबकि मुख्य परीक्षा में विभिन्न विषयों से जुड़े प्रश्न शामिल होंगे. इसमें सामान्य ज्ञान, अंग्रेजी और सामान्य हिंदी के प्रश्न पत्र भी होंगे. परीक्षा में प्रत्येक प्रश्न के गलत उत्तर पर .25 अंक काटे जाएंगे.
लोअर पीसीएस परीक्षा में नायब तहसीलदार, डिप्टी जेलर समेत विभिन्न पदों पर भर्ती होनी है. इसमें करीब 113 रिक्त पदों पर भर्ती प्रक्रिया को शुरू किया गया है.