UKSSSC की इन परीक्षाओं पर सस्पेंस! 5 अक्टूबर को होने वाली परीक्षा स्थगित

Spread the love

देहरादून: उत्तराखंड में आगामी प्रतियोगी परीक्षाओं को लेकर सस्पेंस की स्थिति बनी हुई है. ऐसा इसलिए क्योंकि हाल ही में स्नातक स्तरीय परीक्षा में पेपर लीक का मामला सामने आया था. जिसके बाद सरकार ने इसकी सीबीआई जांच करने का फैसला लिया है. उधर परीक्षार्थियों के अनुरोध पर आयोग ने 5 अक्टूबर की परीक्षा को स्थगित करने का फैसला लिया है तो 12 अक्टूबर की परीक्षा भी ठंडे बस्ते में जाते ही दिखाई दे रही है.

प्रदेश में स्नातक स्तरीय प्रतियोगी परीक्षा के दौरान पेपर लीक का मामला सामने आते ही आगामी प्रतियोगी परीक्षाओं पर भी इसका असर पड़ा है. स्थिति यह है कि फिलहाल उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग ने 5 अक्टूबर को होने वाली परीक्षा को स्थगित कर दिया है. राज्य में 5 अक्टूबर को सहकारी निरीक्षक वर्ग 2 की परीक्षा होनी थी, जिसे स्थगित किया गया है. हालांकि अभी यह परीक्षा कब होगी? यह तय नहीं हुआ है. आयोग इसके लिए अलग से तारीख का ऐलान करेगा.

सहकारी निरीक्षक वर्ग 2 की परीक्षा स्थगित होने के बाद इसके बाद होने वाली 12 अक्टूबर की परीक्षा पर भी संशय के बादल मंडरा रहे हैं. प्रदेश में 12 अक्टूबर को सहायक कृषि अधिकारी वर्ग 1 और प्राविधिक सहायक वर्ग 1 की परीक्षा प्रस्तावित है. हालांकि इस पर अभी कोई अंतिम निर्णय आयोग की तरफ से नहीं लिया गया है. लेकिन जिस तरह स्थिति बनी हुई है, उससे लगता है कि इस परीक्षा में भी आयोग कोई महत्वपूर्ण निर्णय ले सकता है.

उधर, दूसरी तरफ पेपर लीक प्रकरण पर एसटीएफ जांच कर रही है और इसके मुख्य आरोपी खालिद की हर एंगल से जांच की जा रही है. दूसरी तरफ राज्य सरकार इस मामले की सीबीआई जांच कराने का भी फैसला ले चुकी है. हालांकि एसटीएफ की जांच में कई नए तथ्य भी सामने आ रहे हैं. इसके तहत खालिद के द्वारा पिछले लंबे समय से नकल का प्रयास कर परीक्षा पास करने की कोशिश करने की बात भी सामने आई है.

एसटीएफ ने खालिद के घर पर छानबीन के दौरान पाया है कि खालिद किसी भी प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर ही नहीं रहा था. दरअसल, प्रतियोगी परीक्षाओं से संबंधित नोटबुक या किताबें इसके घर से नहीं मिली हैं. जबकि इसके बावजूद भी बिना तैयारी के ही खालिद तमाम परीक्षाओं के लिए आवेदन कर रहा था. इससे साफ है कि खालिद काफी समय से नकल के जरिए परीक्षा पास करनी के प्रयास में था.

वहीं उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग के अध्यक्ष जीएस मार्तोलिया ने कहा कि फिलहाल 5 अक्टूबर की परीक्षा स्थगित की गई है और 12 अक्टूबर को होने वाली परीक्षा के लिए कोई अंतिम निर्णय नहीं लिया गया है. उन्होंने कहा कि 5 अक्टूबर को होने वाली परीक्षा को परीक्षार्थियों द्वारा तैयारी के लिए समय मांगने और मौजूदा प्रकरण के कारण तैयारी ना कर पाने का हवाला देकर स्थगित करने की मांग की थी, इसके बाद इस परीक्षा को स्थगित किया गया है.


Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *