TEHRI ACCIDENT: अभी अभी खाई में गिरा यात्रियों से भरा वाहन, 8 लोगों की मौत, कई घायल

Spread the love

अंतिम संस्कार में शामिल होकर लौट रहे थे लोग, रास्ते में हुए हादसे का शिकार, मची चीख पुकार

TEHRI ACCIDENT: मन मोहन सिंह/टिहरी: उत्तराखण्ड के टिहरी गढ़वाल से इस समय एक बेहद दर्दनाक हादसे की खबर सामने आ रही है, जहां थाना चंबा क्षेत्र के अंतर्गत चंबा-कोटी कॉलोनी रोड पर नैल के पास एक मैक्स वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गया। वाहन में करीब 10 लोग सवार बताए जा रहे थे और हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।

स्थानीय लोग तुरंत घटनास्थल की ओर दौड़े और बचाव कार्य में जुट गए। प्रारंभिक जानकारी में कई लोगों के हताहत होने की आशंका जताई जा रही थी, वहीं जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी बृजेश भट्ट ने 8 लोगों की मौत की पुष्टि कर दी है।


हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और राहत टीमें मौके पर पहुंचीं और तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। अब तक दो घायलों को खाई से बाहर निकाला गया है, जिनमें एक व्यक्ति को हल्की चोटें आई हैं। घायल की पहचान उत्तम कुमार, उम्र करीब 30 वर्ष के रूप में हुई है। घायलों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है और मौके पर एंबुलेंस की व्यवस्था भी की गई है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह अलर्ट पर है।

जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल खुद घटनास्थल के लिए रवाना हो गई हैं। पुलिस, SDRF और प्रशासन की संयुक्त टीमें राहत एवं बचाव कार्य में लगातार लगी हुई हैं। जानकारी के मुताबिक वाहन ऋषिकेश से घनसाली की ओर जा रहा था, तभी यह हादसा हुआ।

बताया जा रहा है कि वाहन में सवार सभी लोग घनसाली क्षेत्र के चांजी, ठेला और चकरेडा गांव के निवासी थे, जो हरिद्वार में एक अंतिम संस्कार में शामिल होकर वापस लौट रहे थे, तभी रास्ते में यह हादसा हो गया। पहाड़ी मार्गों पर इस तरह की घटनाएं एक बार फिर सतर्क ड्राइविंग और वाहन नियंत्रण की आवश्यकता को उजागर करती हैं।

वही सड़क हादसे पर कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने गहरा दुःख व्यक्त किया है।मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा कि यह दुर्घटना अत्यंत दुःखद एवं हृदय विदारक है। इस कठिन समय में उनकी संवेदनाएं शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं।उन्होंने जिला प्रशासन एवं संबंधित अधिकारियों से फोन पर वार्ता कर राहत एवं बचाव कार्यों का जायजा लिया।

मंत्री उनियाल ने बताया कि जिला प्रशासन एवं एनडीआरएफ की टीमें मौके पर राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हुई हैं तथा घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया जा रहा है। मंत्री सुबोध उनियाल ने ईश्वर से प्रार्थना की है कि दिवंगतों की आत्मा को शांति प्रदान करें एवं शोकाकुल परिजनों को इस असहनीय दुःख को सहन करने की शक्ति दें।ॐ शांति


Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *