अधिकतर बंद रहने वाला कॉमन सर्विस सेंटर खोला गया आज
ब्यूरो उमेश श्रीवास्तव/ रायबरेली: कस्बे के प्रधान डाकघर कार्यालय परिसर में खुले आधार संशोधन काउंटर में शनिवार को सर्वर ठप होने के कारण आधार संशोधन कराने आए लोगों को मायूस होकर वापस लौटना पड़ा। आधार कार्ड में संशोधन न हो पाने से परेशान लोगों ने बताया कि काउंटर में मौजूद ऑपरेटर ने उन्हें सोमवार को आने के लिए कहा है।
शासन की ओर से आधार कार्ड में संशोधन के लिए डाकघर कार्यालय और परिसर में ही कॉमन सर्विस सेंटर संचालित है। जहां डाकघर में संचालित काउंटर दिन में दो बजे के बाद खुलता है वही लोगों की सुविधा के लिए खोले गए कॉमन सर्विस सेंटर में कभी कभार ही आधार कार्ड में संशोधन का कार्य किया जाता है, ऊपर से अक्सर सर्वर ठप होने के कारण दूर दराज से आने वाले लोगों को खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।
शनिवार को आधार संशोधन करने आई मुबारकपुर निवासिनी श्याम ने बताया कि वह चार दिन से लगातार आ रही हैं, कभी काउंटर खुला नहीं मिलता है तो कभी सर्वर न होने की बात कहकर उन्हें वापस कर दिया जाता है। दीपेमऊ की प्रतिमा व सुनील ने बताया कि वह सुबह से आधार संशोधन के लिए इंतजार करती रही, जब दोपहर को दो बजे डाकघर का काउंटर खुला तो सरवर नदारत था।
महारानीगंज अफसरी निवासिनी रेनू ने बताया कि उन्हें अपने आधार में मोबाइल नंबर फीड कराना था। इस तरह की चिलचिलाती धूप में वह सुबह से इंतजार में बैठी थी। लेकिन सरवर गायब होने के कारण उनका काम नहीं हुआ। मलके गांव निवासी नरेश ने बताया कि डाकघर परिसर में कॉमन सर्विस सेंटर बंद रहता है। पता करने पर बताया गया कि सुबह 8 बजे से केवल 11 बजे तक ही खुलता है। जिससे उनके आधार कार्ड में संशोधन नहीं हो सका।