देहरादून: टिहरी वासियों के लिए खुशखबरी है. केंद्र सरकार ने टिहरी के मदननेगी में नए केंद्रीय विद्यालय की स्थापना को मंजूरी दे दी है. खास बात ये है कि यह विद्यालय सिविल सेक्टर के अंतर्गत शैक्षणिक सत्र 2026-27 से ही शुरू हो जाएगा. वहीं, सीएम धामी ने मदननेगी में केंद्रीय विद्यालय की स्थापना को मंजूरी देने पर केंद्र सरकार का आभार जताया है
.दरअसल, केंद्रीय विद्यालय संगठन की ओर से टिहरी गढ़वाल के मदननेगी में नए केंद्रीय विद्यालय की स्थापना को मंजूरी प्रदान की गई है. जिस पर सीएम पुष्कर धामी का कहना है कि केंद्रीय विद्यालय खुलने से मदननेगी और आसपास के क्षेत्र में नौनिहालों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिलेगी.
साथ ही स्थानीय स्तर पर शैक्षणिक ढांचे को भी बल मिलेगा. उन्होंने आगे कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार मिलकर युवाओं को शिक्षा के क्षेत्र में आगे लाने और उनके भविष्य को संवारने के लिए पूरी तरह से संकल्पित है.