DAV कॉलेज के छात्रसंघ समारोह में झड़प, छात्र को लगा चाकू, बीच में कार्यक्रम रोक निकले Masoom Sharma

Spread the love

CM के जाते ही कॉलेज में मचा हंगामा, आपस में भिड़े दो गुट, मची भगदड़

Masoom Sharma in DAV college: देहरादून के डीएवी पीजी कॉलेज देहरादून में शनिवार को छात्र संघ समारोह के दौरान उस समय अफरातफरी मच गई, जब छात्रों के दो गुट आपस में भिड़ गए। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि एक छात्र पर चाकू से हमला कर दिया गया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी शामिल हुए थे, सीएम का काफिला निकलते घटना से हड़कंप मच गया और पंडाल में मौजूद छात्र-छात्राओं के बीच भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।

घायल छात्र को लहूलुहान हालत में कॉलेज की डिस्पेंसरी ले जाया गया, जहाँ उसे प्राथमिक उपचार दिया गया।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना दोपहर करीब 12:30 बजे की है। कॉलेज परिसर में छात्र संघ समारोह के तहत सांस्कृतिक कार्यक्रम चल रहा था। मंच के सामने बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं हरियाणवी गायक Masoom Sharma के गीतों पर नृत्य कर रहे थे। इसी दौरान छात्रों के बीच जमकर लात-घूंसे चले। इसी हंगामे के दौरान गौरव नाम के एक छात्र पर धारदार चाकू से वार कर दिया गया।

चाकू लगते ही गौरव जमीन पर गिर पड़ा और समारोह में भगदड़ मच गई। आनन-फानन में घायल छात्र को कॉलेज डिस्पेंसरी पहुँचाया गया। घायल गौरव कुमार ने बताया कि वह मंच के सामने गाने पर डांस कर रहा था, तभी एक अज्ञात छात्र अचानक आया और उस पर हमला कर दिया। गौरव मूल रूप से गजरौला, उत्तर प्रदेश का निवासी है और वर्तमान में देहरादून में एक पीजी में रहकर पढ़ाई कर रहा है। इस बीच मंच पर प्रस्तुति दे रहे Masoom Sharma ने हालात बिगड़ते देख कार्यक्रम बीच में ही रोक दिया और वहां से रवाना हो गए।


Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *