लखनऊ के विकासनगर की सैकड़ों झुग्गी-झोपड़ियों में भीषण आग, कई किमी तक दिखाई दे रही हैं लपटें

Spread the love

सिलेंडर और फ्रीज के कंप्रेसरों में लगातार धमाकों से इलाके में दहशत, कई लोगों के जलने की सूचना

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के विकास नगर क्षेत्र में स्थित झुग्गियों में भीषण आग लगी है। मौके पर दमकल की कई गाड़ियां आग पर काबू पाने की कोशिश में जुटी हैं। आग इतनी भीषण है कि 10 किमी दूर से धुएं का गुबार दिखाई दे रहा है। डिप्टी सीएम बृजेश पाठक मौके पर मौजूद हैं। शुरुआती जानकारी के मुताबिक करीब 200 झुग्गियां जलकर तबाह हो गई हैं। वहीं सिलेंडर और फ्रीज के कंप्रेसरों में लगातार धमाकों से इलाके में दहशत का माहौल है।

डिप्टी सीएम बृजेश पाठक ने कहा कि आग ने बेहद भयावह रूप धारण कर ली है। 20 से अधिक दमकल की गाड़ियां आग बुझाने में जुटी हैं। चारों तरफ से आग को बुझाने का प्रयास चल रहा है। दमकल विभाग के अधिकारी और मुख्य चिकित्सा अधिकारी मौके पर मौजूद हैं। एंबुलेंस को भी घटनास्थल पर बुलाया गया है। घायलों को अस्पताल पहुंचाकर बेहतर से बेहतर चिकित्सा सुविधा दी जाएगी। लोगों की जान बचाना हमारी प्राथमिकता है।

डिप्टी सीएम ने आगे कहा कि घटना के जांच के आदेश दिए गए हैं। दमकल विभाग के अधिकारी एक-एक झोपड़ी में जाकर देख रहे हैं, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि कोई हताहत तो नहीं है।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक बुधवार दोपहर को रिंग रोड के पास एक खाली प्लॉट में आग लगी। मगर तेज हवाओं के कारण झुग्गियों तक पहुंच गई। यहां ज्वलनशील पदार्थ होने के कारण आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। झुग्गियों के अंदर छोटे गैस सिलिंडर के फटने से राहत एवं बचाव कार्य में दिक्कत आई। वहीं लगातार धमाकों की आवाज से स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई।


Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *