जफर अंसारी/ हल्द्वानी:प्रदेश भर में 1 अप्रैल से धरने पर बैठी आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का आंदोलन अब तेज होता नजर आ रहा है। हल्द्वानी के बुद्ध पार्क में 6 अप्रैल से जारी शांतिपूर्ण धरना आज उग्र प्रदर्शन में बदल गया। अपनी मांगों को लेकर आंगनबाड़ी महिलाओं ने सड़क पर उतरकर जोरदार प्रदर्शन किया और एसडीएम कोर्ट पहुंचकर ज्ञापन सौंपा।
हल्द्वानी में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने आज अपनी लंबित मांगों को लेकर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में महिलाएं सड़कों पर उतरीं और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। उनका कहना है कि पिछले कई दिनों से वे शांतिपूर्ण तरीके से धरना दे रही हैं, लेकिन उनकी मांगों पर कोई सुनवाई नहीं हो रही है।
आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की प्रमुख मांग है कि उनका वर्तमान मानदेय 9300 रुपये से बढ़ाकर 24000 रुपये किया जाए। इसके अलावा अन्य सुविधाओं और स्थायी रोजगार की भी मांग उठाई जा रही है।
प्रदर्शन के बाद आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने एसडीएम कोर्ट पहुंचकर अपनी मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा और जल्द समाधान की मांग की। वहीं प्रशासन की ओर से उन्हें आश्वासन दिया गया है कि उनकी मांगों को उच्च स्तर तक पहुंचाया जाएगा। वही इनके प्रदर्शन में अब इन बहनों को कांग्रेस व यूकेडी दलों का समर्थन भी मिलना शुरू हो गया है।