बिंदुखत्ता में रसोई गैस की लंबी प्रतीक्षा से ग्रामीण हुए परेशान, प्रशासन ने शीघ्र आपूर्ति का दिलाया भरोसा

Spread the love

नैनीताल:लालकुआं नगर से सटे ग्रामीण क्षेत्र बिंदुखत्ता में रसोई गैस की लगातार देरी से ग्रामीणों का धैर्य अब जवाब देने लगा है। सोमवार को शहीद स्मारक के पास गैस की गाड़ी आने की खबर मिलने पर बड़ी संख्या में ग्रामीण सिलेंडर लेकर मौके पर जमा हो गए।

कोतवाली पुलिस की मौजूदगी में सुरुचि इंडेन गैस वितरक ने कुछ सिलेंडर वितरित किए, लेकिन भीड़ इतनी बढ़ गई कि आगे वितरण करना मुश्किल हो गया।भीड़ और हालात की गंभीरता को देखते हुए कोतवाल बृजमोहन राणा ने जिला पूर्ति अधिकारी से संपर्क किया। अधिकारियों ने बताया कि ग्रामीणों को रोस्टर के अनुसार उनके घरों तक सिलेंडर पहुंचाया जाएगा, इसलिए एक जगह भीड़ जमा करने की आवश्यकता नहीं है।


दूरदराज क्षेत्रों से आई महिलाएं भी इस दौरान मौके पर पहुंचीं और कुछ देर के लिए सांकेतिक जाम लग गया। कोतवाल राणा ने ग्रामीणों को समझाया और आश्वासन दिया कि जिनकी बुकिंग हो चुकी है, उन्हें जल्द ही रोस्टर के अनुसार सिलेंडर मिलेगा। इसके बाद दूसरी गाड़ी को आपसी सहमति से वापस भेज दिया गया और ग्रामीण खाली सिलेंडर लेकर अपने घर लौट गए।


ग्रामीणों ने बताया कि सामान्यत: प्रत्येक गांव के लिए सोमवार से शनिवार तक रोस्टर बनता है, लेकिन पिछले एक महीने से गैस की गाड़ी नहीं पहुंची। उन्हें लगातार भटकना पड़ रहा है और इस दौरान कुछ ग्रामीणों ने गैस एजेंसी संचालक पर मनमानी के आरोप भी लगाए।
बहरहाल, प्रशासन के आश्वासन के बाद ग्रामीणों को उम्मीद है कि कल मंगलवार से क्षेत्र में रोस्टर के अनुसार गैस की आपूर्ति सुचारू रूप से शुरू होगी।


Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *