पर्यटकों के पूछे नाम और फिर आतंकियों ने की गोलीबारी, टीआरएफ ने ली हमले की जिम्मेदारी
हमले के बाद पूरे जम्मू-कश्मीर में हाई अलर्ट जारी , द रेजिस्टेंस फ्रंट ने ली हमले की जिम्मेदारी
खबरनामा ऑनलाइन/ जम्मुः Pahalgam Terror Attack: जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग जिले के पर्यटक स्थल पहलगाम में मंगलवार को को हुए आतंकी हमले ने पूरे देश को हिलाकर रख दिया है। इस हमले में 26 लोगों की जान चली गई, जिनमें दो विदेशी पर्यटक और दो स्थानीय लोग शामिल हैं। हमले में कई अन्य घायल हुए हैं।
आतंकी संगठन द रेसिस्टेंस फ्रंट (टीआरएफ), जो लश्कर-ए-तैयबा का सहयोगी माना जाता है, ने इस हमले की जिम्मेदारी ली है। इस भयावह घटना के बाद अनंतनाग पुलिस और जम्मू-कश्मीर प्रशासन ने पर्यटकों और प्रभावित परिवारों की सहायता के लिए 24/7 आपातकालीन हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं।
कैसे हुआ पहलगाम आंतकी हमला?
हमला दोपहर करीब 2:30 बजे बैसरन घाटी में हुआ, जिसे ‘मिनी स्विट्जरलैंड’ के नाम से जाना जाता है। यह क्षेत्र अपनी प्राकृतिक सुंदरता के लिए प्रसिद्ध है और पर्यटक यहां घुड़सवारी और ट्रैकिंग के लिए आते हैं। पुलिस सूत्रों के अनुसार, दो से तीन आतंकी सैन्य वर्दी में थे और उन्होंने पर्यटकों पर अंधाधुंध गोलीबारी शुरू कर दी।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि आतंकियों ने कुछ पर्यटकों के नाम पूछे और फिर गोलीबारी की, जिससे वहां अफरा-तफरी मच गई। हमले में 50 से अधिक राउंड फायरिंग की गई। सुरक्षा बलों ने तुरंत क्षेत्र को घेर लिया और घायलों को निकालने के लिए हेलिकॉप्टर और स्थानीय लोगों की मदद से पोनियों का उपयोग किया गया। घायलों को पहलगाम और अनंतनाग के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
पहलगाम हमले बाद आपातकालीन हेल्पलाइन नंबर
प्रशासन ने प्रभावित पर्यटकों और उनके परिवारों की सहायता के लिए तत्काल कदम उठाए हैं। अनंतनाग पुलिस ने पर्यटकों के लिए 24/7 आपातकालीन हेल्प डेस्क स्थापित किया है।
हेल्पलाइन नंबर इस प्रकार हैं-
- अनंतनाग पुलिस कंट्रोल रूम: 9596777669, 01932225870
- व्हाट्सएप हेल्पलाइन: 9419051940
इसके अलावा, श्रीनगर में एक आपातकालीन कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है, जिसके संपर्क नंबर इस प्रकार हैं:
श्रीनगर कंट्रोल रूम: 0194-2457543, 0194-2483651
आदिल फरीद, एडीसी श्रीनगर: 7006058623
जम्मू-कश्मीर के सूचना और जनसंपर्क विभाग ने कहा, ‘ये हेल्पलाइन नंबर पर्यटकों और उनके परिजनों को तत्काल जानकारी और सहायता प्रदान करने के लिए 24 घंटे उपलब्ध हैं।’
हमले बाद जम्मू-कश्मीर में हाई अलर्ट जारी
अधिकारियों ने बताया कि हमले के तुरंत बाद पूरे जम्मू-कश्मीर में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने दिल्ली में केंद्रीय गृह सचिव, आईबी चीफ, सीआरपीएफ और बीएसएफ डीजी, आर्मी के टॉप अधिकारियों से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए मीटिंग की। इस हाई लेवल मीटिंग के तुरंत बाद गृह मंत्री अमित शाह जम्मू-कश्मीर के लिए रवाना हो गए। उनके अलावा अन्य तमाम सिक्योरिटी फोर्सेज के चीफ और अन्य आला अधिकारी भी मौके पर पहुंच रहे हैं। सूत्रों का कहना है कि गृह मंत्रालय, आर्मी, बीएसएफ, सीआरपीएफ और आईबी अधिकारियों के बीच हुई मीटिंग में इस आतंकी हमले का मुंहतोड़ जवाब देने के लिए कहा गया है।