खबरनामा ऑनलाइन/ देहरादूनः विश्व धरोहर दिवस पर गैलरी आफ आर्ट्स में पुरानी कलात्मक तथा ऐतिहासिक शानदार और दुर्लभ वस्तुओं की दो दिवसीय प्रदर्शनी का शुभारंभ किया गया। जिसका उद्घाटन मुख्य अतिथि सतीश शर्मा ( गढ़वाल पोस्ट ) के शुभ हाथों द्वारा किया गया । इस दौरान इनके साथ में मंच पर नंदिनी शर्मा , पार्षद राजेन्द्र नगर आसीन थीं।
प्रदर्शनी में ऐसी वस्तुओं को प्रदर्शित किया गया जिन्हें आज की पीढ़ी ने देखा तो क्या शायद सुना भी नहीं होगा। जो चीजें हमारे मां बाप, दादा परदादा बड़े शौक से अपनी मेहनत की कमाई से लाये थे ,जिन्हे धरोहर के रुप में संजोया जाना चाहिए था वो किसी कबाड़ी के हथोड़े के नीचे दब कर अपना अस्तित्व सदा के लिए खो रही थीं।
इसे देख कर प्रदर्शनी के संयोजक अमर एस धुंता के मन में विचार आया कि इस धरोहर को सहेजने के लिए प्रयास करना चाहिए। उसी प्रयास का फल है कि इस प्रदर्शनी में प्रथम युद्ध के समय नीलाम हुई मेज, भारत पाक युद्ध में भारतीय सैनिक द्वारा लाई गई रेलवे की सिग्नल लाइट, वर्षों पुराना 16 एम एम का प्रोजेक्टर, फिल्म्स,पीतल के बर्तन, हुक्के, सैकड़ों कैमरे,दिवार घड़ियां आदि सैकड़ों वस्तुएं प्रदर्शित की गई। मंच का संचालन डॉमीनू गोयल चौधरी द्वारा किया गया।
इस अवसर पर विशेष सहयोग रहा डा. सुकिर्ति आर्य,डा. गार्गी धुंता,विकी आर्य का , और मनोज पंजानी , अज़ीम प्रेमजी ट्रस्ट के बडोला , सतपाल गांधी , रत्ना मनोचा , व अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। प्रदर्शनी सभी के लिए 18 और 19 अप्रैल को सुबह 11 बजे से शाम 7 बजे तक कृ आर्ट गैलरी , सिरमौर मार्ग पर खुली है । आइए रूबरू हों अपने सुनहरे अतीत से ।।