देहरादून। उत्तराखंड सरकार ने सख्त कार्रवाई करते हुए अवैध मदरसों को सील करना शुरू कर दिया है। पछुवा दून में चार मदरसे सील किए गए हैं। साथ ही एक मस्जिद को भी सील किया गया है। जिसके विरोध में आज मुस्लिम सेवा संगठन के कार्यकर्ताओं ने जिला प्रशासन मुर्दाबाद के नारे लगाते हुए जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। जिसके बाद पुलिस ने रोजे में विरोध प्रदर्शन कर रहे कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के मुताबिक प्रशासनिक दल ने ढकरानी का मदरसा दार ए अकरम, मदरसा मशीगुल रहमानिया, नवाबगढ़ का मदरसा फैजल उलूम और दावतुल हक को सील किया है। ये मदरसे सरकार की अनुमति के बिना चल रहे थे। मदरसों में बच्चों के बैठने की तंग जगह थी, बिजली पानी और अन्य सुविधाओं का अभाव भी देखा गया। प्रशासनिक टीम ने ढकरानी के वार्ड नंबर 11 में बिना प्रशासनिक अनुमति से बनाई जा रही अब्दुल बासित हदीसन मस्जिद को भी सील किया। जिसके विरोध में आज मुस्लिम सेवा संगठन के कार्यकर्ता डीएम कार्यालय पर पहुंचे थे। जहां डीएम कार्यालय पुलिस ने सभी को गिरफ्तार कर लिया।
मुस्लिम सेवा संगठन का कहना है कि मस्जिद मदरसों को बिना नोटिस के सीज़ किया जा रहा है। जिसको लेकर मुस्लिम समाज के लोग डीएम कार्यालय पहुंचे। जहां पुलिस ने सभी को गिरफ्तार किया। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि बिना नोटिस शासन द्वारा कार्यवाही न की जाए।